जींद। रोहतक रोड से भिवानी रोड रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज पर बाइक में पेट्रोल डाल रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इसमें युवक की मौत हो गई। शहर थाना पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शर्मा नगर निवासी सतबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 मार्च को वह देर शाम नई अनाज मंडी में अपनी दुकान से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। रोहतक रोड से भिवानी रोड पर बने रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचे तो उनके बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। उन्होंने अपने भतीजे सन्नी को फोन कर पेट्रोल मंगाया। वह जब बाइक साइड में कर पेट्रोल डालने लगा। इसी दौरान रोहतक रोड की ओर से तेज रफ्तार कार आई और उनके भतीजे और बाइक को अपने चपेट में ले लिया। इसमें सन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं घटना को अंजाम देकर चालक कार समेत भाग गया। राहगीरों के सहयोग से सन्नी को गंभीर हालात में नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने भतीजे को मृत घोषित कर दिया। शहर थाना पुलिस ने मृतक के चाचा सतबीर की शिकायत पर फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।