जींद। मेन बाजार में एक अज्ञात महिला ने निडाना गांव निवासी सुदेश के बैग को ब्लेड से काटकर डेढ़ लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। थाना शहर पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली है। चोरी की यह घटना शहर थाना से करीब 200 मीटर दूर हुई।
निडाना गांव निवासी अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी मां सुदेश देवी बाजार गई थीं और एक ज्वेलर्स के यहां से करीब एक तोला सोने और कुछ चांदी के गहने खरीदे थे।
उनकी मां गांधी गली के मोड़ के पास दुकान से घर का अन्य सामान लेने लगी तो अज्ञात महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके बैग को ब्लेड से काट दिया और बैग में रखे हुए जेवर चोरी कर लिए। घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई।
थाना शहर जींद पुलिस ने अमित की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है।