नरवाना। दिल्ली–पटियाला नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर बाद बिजली बोर्ड के पास डूमरखा टी-पॉइंट पर तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को रौंद दिया। हादसे में अनिल की मौके पर मौत हो गई जबिक उनके चाचा रवि घायल हो गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे अनिल बस के नीचे आ गए और बस घसीटते हुए कुछ दूर तक ले गई। घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके पर ही बस छोड़कर भाग हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस के नीचे फंसी बाइक को बाहर निकला और मामले की जांच में जुट गई। वहीं यात्री भी डर के कारण दूसरी बसों में सवार होकर नरवाना की ओर रवाना हो गए।
जींद की ओर से यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस नरवाना की तरफ आ रही थी। काब्रच्छा गांव निवासी 23 वर्षीय अनिल और 22 वर्षीय रवि बाइक से नरवाना की ओर जा रहे थे। डूमरखा टी-पॉइंट के पास बस ने बाइक सवारो को टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रवि को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई अग्रोहा रेफर कर दिया गया। घायल रवि की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात प्राइवेट बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस व बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
वर्जन
दिल्ली पटियाला हाईवे पर बिजली बोर्ड के पास डूमरखा टी-पॉइंट पर एक प्राइवेट बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया गया। वहीं बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घायल की शिकायत पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
–राजकुमार, थाना प्रभारी, सदर थाना नरवाना।