जींद। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 5 मई को कुरुक्षेत्र से श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए एक विशेष रेलगाड़ी रवाना होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं ट्रेन को झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों को रवाना करेंगे।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर दिया जा रहा है। यात्रियों के ठहरने, भोजन और स्थानीय परिवहन की पूरी व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आवेदक का हरियाणा का निवासी होना और आयु 60 वर्ष से अधिक होना अनिवार्य है। साथ ही परिवार पहचान पत्र में वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
इच्छुक पात्र व्यक्ति 30 अप्रैल तक सरल हरियाणा पोर्टल पर स्वयं या नजदीकी सीएससी केंद्र के माध्यम से पंजीकरण करवा सकते हैं। आवेदन के लिए परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड जैसे फोटो पहचान पत्र और शारीरिक रूप से स्वस्थ होने का स्व-घोषणा पत्र आवश्यक है।
18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के लोग या अधिक आय वाले नागरिक पूर्ण शुल्क देकर यात्रा में शामिल हो सकते हैं। नियम अनुसार, कोई भी व्यक्ति तीन वर्ष में एक बार ही लाभ ले सकेगा।