25जेएनडी02: नागरिक अस्पताल की लैब के बाहर लगाया गया शैड और छांव में खड़े होकर रिपोर्ट लेते मरीज
जींद। नागरिक अस्पताल की लैब के बाहर रिपोर्ट लेने में मरीजों को हो रही परेशानी की खबर प्रकाशित होने के महज 24 घंटे में असर दिखाई दे गया। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए लैब के बाहर शेड लगवा दिया है।
जिससे मरीजों को अब धूप में खड़े होकर रिपोर्ट लेने से राहत मिल गई है। अस्पताल की लैब के बाहर शेड न होने के कारण मरीजों को 41 डिग्री तापमान में लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा था। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हो रहे थे।
समाचार प्रकाशित होते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और लोक निर्माण विभाग को तुरंत निर्देश जारी किए। विभागीय अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बिना देरी किए लैब के बाहर शेड लगाने का काम रात को ही शुरू करवाया और सुबह तक उसे पूरा भी करवा दिया गया।
इसके साथ ही एक दिन पहले ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए संबंधित खिड़की को अस्थाई रूप से बंद कर व्यवस्था सुधारने की कोशिश भी की गई थी।
गर्मी से हो रही थी परेशानी
लाइन में लगने वाले लोगों ने बताया कि अब शेड लगने के बाद काफी राहत मिली है। अब आराम से छांव में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर पा रहे हैं और आसानी से रिपोर्ट भी मिल जा रही है। मरीजों के स्वजन का कहना है कि भीषण गर्मी से तो राहत मिल गई है लेकिन अन्य सुविधाओं पर भी प्रशासन को ध्यान देना होगा।
बाक्स
अस्पताल प्रशासन की तरफ से लोक निर्माण विभाग को जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मरीजों को हो रही परेशानी को देखते हुए लोकनिर्माण विभाग को शुक्रवार को ही सुबह पत्र लिखकर इसको पूरा करने के निर्देश दिए थे। जिसके चलते अब मरीजों के लिए यह सुविधा शुरू की गई।
डा. रघुवीर पूनिया पीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।