जींद। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद सुरक्षा व खुफिया एजेंसियां जहां अलर्ट पर हैं। वहीं हिंदू संगठनों में घटना को लेकर उबाल है। इसको लेकर जयति-जयति हिंदू महान संगठन ने ऐलान किया है कि जींद में रहने वाले अवैध बांग्लादेशी, रोहिंग्या व पाकिस्तानी घुसपैठियों की जानकारी देने वाले को दो हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
इसके लिए संगठन के संयोजक अतुल चौहान ने अपना मोबाइल नंबर जारी किया है। जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और सूचना सही मिलने पर तुरंत प्रभाव से दो हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। पहलगाम घटना के बाद अफवाहों को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने सभी एसडीएम व डीएसपी को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सोशल मीडिया की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी आपत्तिजनक, भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित न हो सके।
आतंकियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया जाए
जींद में अगर कोई अवैध बांग्लादेशी, रोहिंग्या व पाकिस्तानी घुसपैठिया रहता है तो इसकी जानकारी उन्हें दें। जानकारी देने वाले को दो हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा। इस भयावह अपराध की जितनी निंदा की जाए उतना कम है। इस हमले में मारे जाने वालों में हरियाणा के करनाल से नेवी आफिसर भी शामिल हैं। जिनकी छह दिन पहले शादी हुई थी। इस जघन्य अपराध के दोषियों को गिरफ्तार कर उन्हें सजा दी जानी चाहिए।
-अतुल चौहान संयोजक जयति-जयति हिंदू महान संगठन
जिले में कानून व्यवस्था को लेकर आने वाले दिनों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और कड़े सुरक्षा के प्रबंध हैं। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट या टिप्पणियां करना, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो, एक दंडनीय अपराध है। प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द और शांति को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
-कुलदीप सिंह, एसपी, जींद।