नरवाना। पंजाबी भवन में भगवान हनुमान के जन्मोत्सव पर शनिवार को वार्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के बेटे रुद्राक्ष मिड्ढा विशेष रूप से मौजूद रहे। बेदी ने पंजाबी भवन में करीब 11 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित दो कमरे और शेड का उद्घाटन भी किया।
इसके अलावा 22 लाख रुपये अतिरिक्त अनुदान देने की भी घोषणा की। मंत्री बेदी ने कहा कि 14 अप्रैल को महाराजा अग्रसेन के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के रूप में नई सौगात मिलेगी। इस हवाई अड्डा के शुरू होने से प्रदेश के विकास में नए अध्याय की शुरुआत होगी। इससे वाणिज्यिक औद्योगिक तथा आधारभूत क्षेत्र में तरक्की की संभावनाएं प्रबल होगी। कारोबार बढ़ेगा व प्रदेश के शिक्षित व बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड के पाठ में बैठकर भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिया। श्रद्धालु भजनों पर जमकर झूमे। इसके बाद भवन में चल रहे भंडारे का प्रसाद भी श्रद्धालुओं ने लिया। इस मौके पर बाबा गैबी साहब के महंत अजय गिरी, पंजाबी सभा के चेयरमैन महेश अरोड़ा, नगर परिषद के चेयरपर्सन प्रतिनिधि विशाल मिर्धा, श्याम सुंदर मिगलानी, देशराज माटा, दिनेश नागपाल, चरणजीत सिंह छाबड़ा, गुरजीत सिंह, गौरव सेतिया, सतीश सेतिया, उमेश, मोहन, रविंद्र कथूरिया, हंसराज, रिछपाल शर्मा, प्रमोद शर्मा, राजेश शर्मा, ईश्वर गोयल, मनोज कुमार भी मौजूद रहे।