रोहतक। कच्चा चमारिया रोड पर बिना लाइसेंस पटाखा फैक्टरी चलाने के आरोपी मालिक झंग कॉलोनी निवासी दिनेश ने हांसी में फैक्टरी चलाने के लिए लाइसेंस लिया था। हांसी में फैक्टरी चालू न करके चमारिया रोड पर तीन कमरों में पटाखे तैयार किए जा रहे थे। इस संबंध में सीआईए प्रथम की शिकायत पर सदर थाने में आरोपी फैक्टरी मालिक दिनेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सीआईए प्रथम जांच अधिकारी विकास ने एफआईआर में बताया कि झंग कॉलोनी स्थित सांई अपार्टमेंट निवासी दिनेश कच्चा चमारिया रोड पर एक बिल्डिंग में अवैध तरीके से पटाखे बनाने की फैक्टरी चला रहे हैं। जांच में मौके पर यूपी के बागपत जिले के गांव तीरगरान निवासी जाबिर मिले। उन्होंने बताया कि फैक्टरी झंग कॉलोनी निवासी दिनेश की है। जांच में फैक्टरी के अंदर 83 खाकी रंग के गत्ते के बॉक्स में अनार के बम मिले। हर पेटी में 8 डिब्बे मिले और प्रत्येक डिब्बे में 4 अनार बम मिले। इसके अलावा सुतली बम व अन्य पटाखे भी थे। एक क्विंटल खुला पाउडर भी मिला है। विस्फोटक पाउडर से बम तैयार करने की आशंका है।
वर्जन
फैक्टरी मालिक घर पर नहीं मिला। पाउडर व पटाखों को जांच के लिए लैब में भेजा गया है। जांच में सामने आया है कि फैक्टरी मालिक ने पहले हांसी के लिए लाइसेंस लिया था। रोहतक के लिए लाइसेंस जारी नहीं हुआ है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।
विकास कुमार, जांच अधिकारी