जींद। शहर में एक दुकान से 40 हजार रुपये की नकदी और 20 सूट चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान लुहारी राघव निवासी मोनिका उर्फ मोना के रूप में हुई है। इससे पहले तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।
भारत नगर निवासी किरण ने एक मार्च को सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने भारत नगर में ही साक्षी क्लाॅथ हाउस के नाम से दुकान है। घटना 28 फरवरी की है। दोपहर को दुकान पर 4 महिलाएं आईं और सूट दिखाने के बहाने उसे बातों में उलझा लिया और दुकान से 20 सूट, गल्ले से 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। चोरी का पता सीसीटीवी फुटेज से महिलाओं के जाने के बाद लगा।
पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हिसार जिले के हांसी क्षेत्र के गांव भाटोल निवासी बबली, शकुंतला और हांसी की जगदीश कॉलोनी निवासी शीला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में हिसार जिले के लोहारी राघो गांव की मोनिका उर्फ मोना का भी नाम सामने आया। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।