जींद। रोहतक रोड स्थित रघुनगर स्थित एक फर्नीचर की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
अनाजमंडी के सामने रघुनगर में शुक्रवार अलसुबह फर्नीचर की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। लोगों की सूचना पर दुकान मालिक प्रमोद मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद दो और दमकल विभाग की गाड़ी बुलाई गई। फिर तीनों गाड़ियों ने करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में लगा फर्नीचर और मशीनें भी जल चुकीं थीं। आग इतनी भयंकर थी कि छत पर लगे पंखे भी पिघलकर नीचे गिर गए।
सामान और मशीनें जली
पीड़ित दुकानदार प्रमोद ने बताया कि उसने रघुनगर में करीब डेढ़ महीने पहले ही दुकान शुरू की थी। वीरवार शाम को दुकान अच्छी तरह से सही करके घर चला गया था। शुक्रवार अलसुबह दुकान के पड़ोसियों ने फोन पर सूचना दी कि उसकी दुकान में आग लगी हुई है। दुकान में लाखों रुपये का फर्नीचर था, जो कि जलकर राख हो गया वहीं लोहे की मशीनें भी जलकर पिघल गईं हैं।