डीसी कार्यालय की नकल शाखा की कर्मचारी पूनम सैनी द्वारा कथित रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस ने आरोपी महिला कर्मचारी सहित तीन लोगों को नामजद करते हुए एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सुनील कपूर ने कहा है कि दो जनवरी को भारत भूषण उर्फ रिंकू पंडित उसके पास आया और एक वीडियो दिखाई। इसमें महिला कर्मचारी रजिस्टरी की नकल देने के बदले रिश्वत ले रही है। इसके बाद तीन जनवरी को वह भी रिंकू के साथ कार्यालय गया, जहां पूनम सैनी के पैसे लेते हुए वीडियो बनाई। चार जनवरी को यह वीडियो फेसबुक पर डाली गई। इस पर विजय सैनी नामक एक व्यक्ति का फोन आया और बताया कि वह पूनम सैनी का दूर का भाई है। सुनील कपूर ने अपनी शिकायत में कहा कि इस पर विजय सैनी ने उसी वीडियो हटाने को कहा और इसके बदले हर मांग पूरी करने का ऑफर दिया। इसके बाद कपूर के घर आकर उसे पैसे ऑफर किए गए। इस दौरान बताया गया कि पूनम सैनी को हार्ट अटैक आया है। कपूर के अनुसार जब उसने पता किया तो इस प्रकार का कोई मामला नहीं था। इस पर सोशल मीडिया पर छिपाई गई वीडियो फिर से सार्वजनिक कर दी गई।
सुलझने की बजाये उलझता जा रहा है मामला
यह मामला सुलझने की बजाये उलझता जा रहा है। पहले वीडियो सामने आने के बाद वीडियो बनाने वाले भारत भूषण उर्फ रिंकू पंडित व वीडियो वायरल करने वाले सुनील कपूर के खिलाफ केस दर्ज हुआ और अब
सुनील कपूर की ही शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। ऐसे में जांच के बाद ही मामले की गुत्थी सुलझ पाएगी। दूसरी ओर ब्लैकमेलिंग के आरोपी भारत भूषण उर्फ रिंकू पंडित के पिता ने भी पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाए हैं कि उसके बेटे को बहला-फुसलाकर बुलाया गया और फिर उस पर ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए गए हैं। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज
सुनील कपूर ने चार लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में शिकायत दी थी। इस पर पूनम सैनी, विजय सैनी, भारत भूषण उर्फ रिंकू पंडित व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजपाल, सिविल लाइन थाना प्रभारी।