नागरिक अस्पताल के पीपी सेंटर की टीम ने शनिवार को जिले में कई स्थानों पर शिविर लगाकर 919 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई। इसके अलावा 542 लोगों की कोरोना रिपोर्ट आई, जिसमें एक व्यक्ति को संक्रमित पाया गया है।
स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पीपी सेंटर के अलावा लार्सन टर्बो निर्माण कंपनी के सहयोग से निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में 211 लोगों को, टाटा आई के सहयोग से उत्सव होटल मे 186 लोगों को तथा जिला जेल में 66 लोगों व आठ मीडिया कर्मियों सहित कुल 919 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने कहा कि जिले में अब तक 250577 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। स्वास्थ्य निरीक्षक ने बताया कि इस अवसर पर लोगों को जहां वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया गया, वहीं पर गर्मी के मौसम में होने वाली डायरिया, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और हैजा से बचाव के बारे में भी जागरूक किया।