जुलाना । लेनदारों द्वारा रुपये नहीं लौटाने और जान से मारने की धमकी देने से परेशान हथवाला गांव निवासी फाइनेंसर ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली। फाइनेंसर के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने चार लोगों पर पैसे नहीं लौटाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय प्रदीप जुलाना में पुराने बस अड्डे पर फाइनेंस का काम करता था। मंगलवार को भी वह दफ्तर आया हुआ था। अचानक उसकी तबियत बिगड़ने के साथ उसे उलटियां होने लगीं। लोग उसे जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजन उसे पीजीआई ले जाने के बजाय जींद के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही जुलाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को प्रदीप के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि मोखरा गांव निवासी सोनू व काला से 37 लाख और दिल्ली निवासी पवन और दिल्ली में ही एक्सईएन सत्यनारायण उसके 21 लाख रुपये ले रखे हैं। जब उसने उक्त लोगों से पैसे लौटाने के लिए कहा तो उन्होंने रुपये नहीं दिए और उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। धमकी देने और पैसे नहीं लौटाने के कारण वह जहरीला पदार्थ पी रहा है। पुलिस ने मृतक के भाई जयभगवान की शिकायत पर सोनू, काला, पवन व सत्यनारायण के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रदीप जुलाना में फाइनेंस का काम करता था। जहर के प्रभाव से प्रदीप की जान गई है। प्रदीप के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने चार लोगों पर रुपये लेकर नहीं देने व उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मृतक के भाई की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रामतीर्थ, थाना प्रभारी, जुलाना।