अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
गांव सुदकैन खुर्द में रविवार शाम पशु घाट के पास से रजवाहा टूट गया। रजवाह टूटने से आसपास के खेत जलमग्न हो गए और फसलों को नुकसान हुआ। रजवाहा टूटने की सूचना इनसो के जिला अध्यक्ष अनुराग खटकड़ ने उचाना एसडीएम डॉ. किरण सिंह को दी। इसके बाद सिंचाई विभाग के कर्मचारी हरकत में आई और टूटे हुए रजवाहे को पाटा।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के रजवाहा में पशु घाट टूटा हुआ है। इसके कारण पशु घाट के लाइनिंग से धीरे-धीरे पानी निकलने लगा। पानी के चलते पटरी कट गई और खेतों में पानी घुस गया। पानी पास के खेत से होते हुए तालाब को भर दिया। तालाब भरने के बाद पानी गांव के स्कूल में भी भर गया। इनसो के जिला प्रधान अनुराग खटकड़ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम को इसकी सूचना दी और कहा कि अगर प्रशासन समय रहते ध्यान दे तो इस तरह की नौबत नहीं आती। पशु घाट और लाइनिंग टूटी पड़ी है। यदि उसको ठीक नहीं करवाया तो दोबारा से ऐसे हालात हो सकते है।