अमर उजाला ब्यूरो
जींद। सदर थाना पुलिस ने कृषि विश्वविद्यालय हिसार में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर एक युवक से साढ़े पांच लाख रुपये हड़पने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ कर रही है।
गांव अमरहेड़ी निवासी बसंत ने 24 अप्रैल को सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वर्ष 2015 में उसका संपर्क गांव शिशवाल हिसार हालआबाद कैथल रोड निवासी धर्मपाल तथा उसके जीजा गांव अहिरका निवासी राजबीर से हुआ। धर्मपाल ने खुद को हरियाणा में स्टाफ सिलेक्शन कमीशन का चेयरमैन बताया और साथ ही नीली बत्ती वाली गाड़ी दिखाई, जिस पर वह विश्वास कर बैठा। बातचीत के दौरान धर्मपाल ने उसे कृषि विश्वविद्यालय हिसार में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसकी एवज में आठ नवंबर 2015 को दोनों ने उससे साढ़े पांच लाख रुपये ले लिए लेकिन लंबे समय तक उसका सिलेक्शन नहीं हुआ। जब उसने दबाव डाला तो उसे चेक दिए गए, जो बाउंस हो गए। पंचायतों का दौर भी चला लेकिन उसने राशि नहीं लौटाई। राशि मांगने पर उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। पुलिस ने बसंत की शिकायत पर कैथल रोड निवासी धर्मपाल तथा उसके जीजा गांव अहिरका निवासी राजबीर के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने तथा अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धर्मपाल को गिरफ्तार कर लिया।