अमर उजाला ब्यूरो
जींद। भाजपा युवा मोर्चा के ग्रामीण मंडल प्रधान जयदेव व उसके साथियों के साथ मारपीट के मामले में एसएसपी डॉ. अरुण सिंह ने कार्रवाई करते हुए ईएसआई नफे सिंह, एचसी राधे व ईएचसी विनोद कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। इन तीनों पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ मारपीट के मामले व विभागीय जांच का जिम्मा डीएसपी रामभज को सौंपा है।
सोमवार को जयदेव ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को रात सफीदों गेट पर पुलिस कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की है। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। एसएसपी डॉ. अरुण सिंह को दी शिकायत में जयदेव ने बताया कि शुक्रवार को उसका भाई शादी से वापस घर आ रहा था। तो रास्ते में उसकी गाड़ी खराब हो गई। इस दौरान वे पांच लोग बाइक पर सवार होकर अपने घर अमरहेड़ी गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सफीदों गेट पर पुलिसवालों ने उनके साथ मारपीट की। जयदेव का कहना है कि इस दौरान एक पुलिसकर्मी बावर्दी था, जबकि दो सादी वर्दी में थे।