जींद। अग्रोहा धाम में 10 नवंबर को लगने वाले 41वें राष्ट्रीय मेले को लेकर मंगलवार को अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों की बैठक रोहतक रोड पर अग्रोहा धाम के प्रदेश प्रवक्ता डाॅ. राजकुमार गोयल के नेतृत्व में हुई। इसमें मेले को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
राजकुमार ने कहा कि मेले में हरियाणा व आसपास के राज्यों के अलावा दूसरे देश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आएंगे। श्रद्धालुओं को व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न आए इसको लेकर मेले में 700 से ज्यादा सेवादारों की ड्यूटी लगाई गई है। सेवादार ही पूरी व्यवस्था का संचालन करेंगे। अग्रोहा मेले में खाने, पीने, ठहरने, दर्शन, पार्किंग, निशुल्क मेडिकल शिविर के साथ सभी प्रकार की व्यवस्थाएं की गई हैं। मेले में आने-जाने के लिए अधिकतर जिलों से फ्री बस सेवा की सुविधा वहां की संबंधित जिला इकाइयों की ओर से की गई है। उन्होंने बताया कि मेले में पूरा दिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न तरह की सामाजिक गतिविधियां आयोजित होंगी। बैठक में रामधन जैन, सावर गर्ग, पवन बंसल, राजेश गोयल, बजरंग सिंगला व अन्य मौजूद रहे।