जींद। ऑनलाइन काम कर मुनाफा कमाने के नाम पर अज्ञात लोगों ने महिला स्वास्थ्यकर्मी समेत दो लोगों से धोखाधड़ी कर 6 लाख 54 हजार 735 रुपये ठग लिए। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
आसन गांव निवासी नवल ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। 12 दिसंबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने कहा कि वह हेजब्रग डायमंड कंपनी की एडवाइजर बोल रही है। उसने एक टेलीग्राम लिंक भेजकर कंपनी में एनवेस्टमेंट के लाभ के बारे में स्क्रीन शॉट भेजे। इससे वह उसकी बातों में आ गया। उसके बताए गए यूपीआई आईडी पर 3 लाख 8 हजार 735 रुपये भेज दिए। उसके बाद जब उसने भेजे गए रुपये वापस भेजने के लिए कहा तो उसने और रुपये की मांग की। इस पर उसे एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है। एसआई रामनिवास ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरे मामले में गढ़वाली निवासी प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नेशनल हेल्थ मिशन के तहत स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत है। 18 दिसंबर को उसके व्हाट्सएप नंबर पर पार्ट टाइम जॉब के नाम से एक मैसेज आया। उन्होंने बताया कि वह पार्ट टाइम काम करना चाहती है। फिर उसी समय उसके पास दो लिंक भेज गए। दोनों लिंक यू ट्यूब पर चैनल को सब्सक्राइब करने के लिए थे। 19 और 20 दिसंबर को काम करने के लिए उनके द्वारा बताई गई यूपीआई आईडी में 3 लाख 46 हजार रुपये डाल दिए। जब उसने अपनी राशि वापस भेजने के लिए कहा तो उनसे और रुपये मांगे गए। जांच अधिकारी एसआई हरजिंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।