26 जनवरी को पांच बजे के बाद बाहरी प्रचार में दिखा तो होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। जींद में चल रहे उपचुनाव के दौरान सभी पार्टियों के चुनाव प्रचार करने दूसरे जिलों से आए लोगों पर पुलिस की विशेष नजर है। इनमें कुछ असामाजिक किस्म के युवकों की भी शिकायत पुलिस को मिली है। इसके लिए पुलिस ने ठोस कदम उठाते हुए निर्देश जारी कर दिए हैं कि 26 जनवरी शाम को पांच बजे चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। इसके बाद कोई बाहरी व्यक्ति जींद चुनाव में मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस संबंध में कुछ युवकों की पहचान भी करनी शुरू कर दी है।
अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसएसपी अश्विन शैणवी ने कहा कि 26 जनवरी को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। इसके बाद लाउडस्पीकर, जनसभा, बैठक करने पर बैन हो जाएगा। इस समय दूसरे जिलों से काफी संख्या में लोग अपनी-अपनी पार्टियों के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उन्हें कई युवकों के संबंध में शिकायतें भी मिली हैं। पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। एसएसपी ने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए यह जरूरी है कि 26 जनवरी शाम पांच बजे के बाद जींद में कोई बाहरी वाहन व व्यक्ति नजर नहीं आए। यदि कोई वाहन पाया गया तो उसको इंपाउंड किया जाएगा और व्यक्ति मिला तो उसको हिरासत में लेकर एफआईआर दर्ज की जाएगी। यह सब चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपने लाइसेंसी हथियार जमा नहीं करवाए हैं, उनके लाइसेंस रद करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यदि किसी व्यक्ति के पास उसका लाइसेंसी हथियार मिला तो उसका लाइसेंस रद करके उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। उन्होंने चुनाव प्रचार में लगे वाहन मालिकों को भी आगाह करते हुए कहा कि जो व्यक्ति बिना परमिशन के अपने वाहन पर चुनाव प्रचार कर रहे हैं, उनके वाहन भी इंपाउंड किए जा रहे हैं। अब तक पुलिस ऐसे 20 वाहन, जिनमें दो ट्रैक्टर शामिल हैं, को इंपाउंड कर चुकी है।
तीन हजार पुलिसकर्मी, 500 होमगार्ड जवान रहेंगे तैनात
एसएसपी ने कहा कि चुनाव के दौरान जींद विधानसभा में तीन हजार पुलिस कर्मचारी, 500 होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। एक सीआरपीएफ कंपनी तथा एक आरएएफ की कंपनी तैनात रहेगी। पुलिस कर्मचारियों तथा होमगार्ड जवानों को हर चौक-चौराहे पर तैनात कर दिया गया है। प्रत्येक बूथ पर सीआरपीएफ व आरएएफ के कर्मचारी भी तैनात रहेंगे। इसके साथ शहर में 50 ऐसे स्थानों पर नाके लगाएं जाएंगे, जहां से वाहनों का आवागमन ज्यादा रहने रहने की संभावना है। हर वाहन को चेकिंग के बाद ही आगे निकलने दिया जा रहा है
26 और 27 की रात रहेगी पुलिस के लिए भारी
एसएसपी ने कहा कि पुलिस ने शहर व गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं। चुनाव में शराब और पैसे का दुरुपयोग किया जाता है। इसके लिए 26 और 27 जनवरी की रात को पूरे जिले की पुलिस गश्त पर रहेगी। उन्हें आशंका है कि कुछ लोग निजी लाभ के लिए लोगों में शराब बांट सकते हैं। हर आने-जाने वाले वाहन की सघन तलाशी ली जाएगी। इसके साथ-साथ वोट खरीद के लिए पैसे बांटने के कार्य की भी शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने पुलिस को दो दिन पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। लोगों से भी अपील की है कि वह इन दो दिनों में अपने पास अधिक पैसे नहीं रखें, नहीं तो उनको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यदि कोई अधिक पैसे कहीं लेकर जाता है तो उसे उनका पूरा ब्योरा व किसको किस काम के लिए देने यह सब पूरी डिटेल रखनी होगी।
धर्मशालाएं, होटल और सार्वजनिक स्थानों की चेकिंग जारी
एसएसपी ने कहा कि होटलों, धर्मशालाएं, सार्वजनिक स्थानों की सघन जांच की जा रही है। किसी भी असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध मिला तो पुलिस उसके साथ सख्ती से निपटेगी। उन्होंने लोगों से भी कहा कि यदि कोई अप्रिय घटना दिखाई दे या कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो वह सीधे 100 नंबर या उनके मोबाइल पर संपर्क करें।
पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
पुलिस ने जींद शहर के साथ-साथ गांवों में बुधवार को फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च जींद अंडर पास, रोहतक रोड नाका, भिवानी रोड नाका, देवीलाल चौक, टेंडरी मोड़, पटियाला चौक, पुरानी सब्जी मंडी, रामराये गेट, बाजार, रानी तालाब, सफीदों गेट, सफीदों रोड तक डीएसपी रामभज, डीएसपी उमेद सिंह, डीएसपी सुनील कुमार, डीएसपी परमजीत सिंह समौता के नेतृत्व में निकाला गया। इसी प्रकार ग्रामीण आंचल में पुलिस लाइन से शुरू होकर पिंडारा, निर्जन, मनोहरपुर, खेड़ी तलौडा, लोहचब, बरसाना, खुंगा, रायचंदवाला, दालमवाला, बोहतवाला, खोखरी हैबतपुर से होते हुए डीएसपी आदर्शदीप सिंह व डीएसपी साधुराम के नेतृत्व में फलैग मार्च किया। इसी प्रकार गांव अमरेहड़ी, अहिरका, कैरखेड़ी, कंडेला, जीतगढ़, रूपगढ़, झांज, बरसोला, ढांडा खेड़ी, दरियावाला, संगतपुरा, र्इंटलकलां, ईक्कस, जलालपुरा कलां, जुलानी से होते हुए निकाला।