जींद। किनाना गांव निवासी सुरेश ने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर सुलचानी निवासी विजय शंकर से 60 लाख 82 हजार 480 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिला समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर में विजय शंकर ने बताया कि उनकी किनाना निवासी सुरेश से जान-पहचान थी। सुरेश, उसकी पत्नी सुमन, बेटे सुशील और साले ने उन्हें बताया कि उन्होंने मध्य प्रदेश में जमीन खरीदी है और रजिस्ट्री के लिए पैसों की जरूरत है।
उन्होंने 60 लाख 82 हजार 480 रुपये मांगे। इसके बाद उन्होंने और बीबीपुर निवासी संजीव कुमार ने उन्हें रकम दे दी। जमीन की रजिस्ट्री होने के बाद आरोपियों ने पैसे लौटाने में आनाकानी शुरू कर दी।
विजय के अनुसार, गांव के मौजिज लोगों की मौजूदगी में आरोपियों ने इकरारनामा लिखकर सात जुलाई तक रकम लौटाने का भरोसा दिया था। ऐसा नहीं करने पर सुमन के नाम दर्ज एक एकड़ जमीन की रजिस्ट्री करवाने की बात कही गई थी। सात जुलाई को पैसे मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और छेड़खानी का झूठा केस दर्ज करवाने की धमकी दी।
जांच अधिकारी एसआई सुलतान सिंह ने बताया कि सुरेश, उसकी पत्नी सुमन, बेटे सुशील और साले के खिलाफ धोखाधड़ी का एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।