22जेएनडी21: बस यात्रा को रवाना करते हुए संस्था सदस्य। स्रोत संस्था।
नरवाना। नवरात्रों के पावन अवसर पर अग्रवाल जन जागरण मंच के तत्वावधान में सिंगला परिवार की ओर से 52वीं निशुल्क मां बनभौरी धाम बस यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना की गई। यह यात्रा सिंगला परिवार ने अपने पिता धर्मपाल सिंगला की स्मृति में शुरू की है जो पिछले चार वर्षों से निरंतर संचालित की जा रही है।
रविवार को त्रिवेणी चौक नरवाना से बस को विधिवत रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। संस्था प्रधान रोहताश सिंगला ने बताया कि यह बस यात्रा हर महीने अमावस्या के बाद आने वाले पहले रविवार को आयोजित की जाती है जिससे दूर-दराज के भक्तजन भी आसानी से मां बनभौरी धाम के दर्शन कर सकें।
वरिष्ठ सदस्य कैलाश सिंगला ने बताया कि इस सेवा के माध्यम से अब तक हजारों श्रद्धालु मां बनभौरी के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्रों के दौरान बनभौरी धाम में विशेष मेले का आयोजन होता है जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कार्यक्रम के दौरान संस्था सदस्य दया किशन ने भजनों के माध्यम से माता रानी का गुणगान किया।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि जो श्रद्धालु व्यक्तिगत रूप से यात्रा करने में असमर्थ हैं। उनके लिए यह निशुल्क बस सेवा एक बेहतर अवसर है। बस यात्रा में शामिल होने के लिए महासचिव दीपक सिंगला, कोषाध्यक्ष पवन मित्तल, वरिष्ठ सदस्य सतीश गर्ग और उपप्रधान कृष्ण गर्ग के माध्यम से सीट बुक करवाई जा सकती है।