अमर उजाला ब्यूरो
पिल्लूखेड़ा। बुढाखेड़ा गांव में लगभग 2.64 करोड़ की लागत से चार एकड़ जमीन पर जलघर का निर्माण किया जा रहा है। इसके बनने से गांव की सात हजार आबादी की प्यास बुझेगी। गांव के सरपंच सुरेश फौजी ने बताया कि सफीदों विधायक जसबीर देशवाल ने जलघर के लिए सीएम मनोहर लाल के 2017 के कार्यक्रम में यह मांग प्रमुखता से उठाई थी जिसके चलते सीएम ने जलघर बनवाने की घोषणा की थी।
विधायक देशवाल ने कहा कि सीएम मनोहर लाल पूरे हरियाणा में समान रूप से विकास कार्य करवा रहे हैं। विधायक ने कहा कि सफीदों में लगभग 350 करोड़ रुपयों की ग्रांट से विकास कार्य चल रहे हैं। सफीदों के बुढाखेड़ा में 2.64 करोड़ और ढाठरथ में 4 करोड़ रुपयों से ज्यादा की लागत से जलघरों पर निर्माण कार्य चले हुए हैं। इस दौरान गांवों में पाइप लाइन भी बिछाई जाएगी। वहीं हलके के कई गांवों में लगभग 1200 फुट की गहराई वाले सबमर्सिबल ट्यूबवेल लगाए जा रहे हैं।