शराब ठेके के साथ बना गोदाम, जहां से शराब लूटी गई है।
- फोटो : Jind
सफीदों। वीरवार रात खानसर चौक स्थित शराब ठेके के पास बने गोदाम से गनप्वाइंट पर 500 पेटी महंगी शराब लूट ली गई। शराब ठेकेदार ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में ठेकेदार सुभाष ने कहा कि करनाल के प्योंत निवासी शराब ठेकेदारों का उसके पास आना-जाना था। इसी बीच वीरवार रात ठेकेदार कैंटर लेकर आए और ठेके पर तैनात कर्मचारी को पिस्तौल दिखाकर 500 पेटी अंग्रेजी शराब लूट ले गए।
ठेकेदार ने बताया कि रात रात करीब साढ़े 11 बजे प्योंत गांव निवासी अंग्रेज सिंह व महासिंह, गांव धर्मगढ़ निवासी बलविंद्र व गांव कतलाहेड़ी निवासी श्रीपाल अपने साथ लगभग 20 आदमी लेकर खानसर चौक स्थित ठेक पर आए और ठेके पर मौजूद सेल्समैन को गन प्वाइंट पर लेकर गोदाम के पिछले हिस्से का शटर खोलकर लगभग 500 पेटी महंगी अंग्रेजी शराब कैंटर में लोड करके ले गए। इस शराब की कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये है। सफीदों थाना प्रभारी रोहताश सिंह के अनुसार चारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।