जींद। उत्तरप्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। सदर थाना नरवाना पुलिस ने चाचा-भतीजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
दनौदा खुर्द निवासी धर्मपाल ने पुलिस को बताया कि राजगढ़ ढोबी निवासी राजकुमार उनके गांव में जन स्वास्थ्य विभाग में बेलदार के रूप में कार्यरत है। उसके साथ उनकी जान पहचान हो गई थी। राजकुमार ने उन्हें बताया कि उसका भतीजा विक्की उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर लगवाने का काम करता है।
उन्होंने अपने साले के लड़के बिट्टू को उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर लगवाने के लिए 25 लाख रुपये में बात तय कर ली। इसमें से सात लाख रुपये पहले देने थे और उन्होंने 2023 में पैसे दे दिए लेकिन कुछ समय बाद जब बिट्टू नौकरी नहीं लगा तो राशि वापस मांगी।
विज्ञापन
राजकुमार ने दो लाख रुपये दे दिए और बाकी पांच लाख रुपये विक्की से लेकर आकर देने की बात कही लेकिन यह पैसे नहीं आए। उन्होंने पुलिस चौकी दनौदा में शिकायत दी जिसके बाद साढ़े तीन लाख रुपये में समझौता हो गया। यह पैसे जनवरी में देने की बात हुई थी लेकिन जब वह पैसे मांगे तो राजकुमार ने पैसे देने से इन्कार कर दिया और गाली गलौज करने लगा।