संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अहिरका के गौरव, अंश, प्रियंक व पुनीत स्काउट गाइड सतीश अत्री के नेतृत्व में 19वें नेशनल जंबूरी ग्रैंड फिनाले में भाग लेने के लिए लखनऊ रवाना हुए। ग्रैंड फिनाले का आयोजन 23 से 29 नवंबर तक उत्तर प्रदेश के लखनऊ में किया जाएगा।
जंबूरी की थीम विकसित युवा-विकसित भारत रखी गई है। इसका उद्देश्य आत्मनिर्भर, सक्षम और नेतृत्वकारी युवा पीढ़ी के निर्माण की दिशा में संदेश देना है। नेशनल जंबूरी न केवल स्काउट-गाइडस के कौशल, अनुशासन और टीमवर्क का प्रदर्शन है बल्कि यह देश के युवाओं की नेतृत्व, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का ऐतिहासिक मंच भी है।
आयोजन में स्काउट-गाइड के लिए विभिन्न क्षेणियों में गतिविधियां और प्रतियोगिताएं होंगी। पायनियरिंग प्रोजेक्ट, रंगोली, मार्चपास्ट, फिजिकल डिस्प्ले, स्टेज गेट, एग्जिबिशन, फोक डांस, एथनिक फैशन शो, परेड और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम को जीवंत बनाएंगी। एडवेंचर जोन में जिन वाइन, स्काई साइकिलिंग, वॉल क्लाइंबिंग जैसी रोमांचक गतिविधियां युवा प्रतियोगियों को नया अनुभव देंगी।
जंबूरी समारोह का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल चीफ पैटर्न और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पैटर्न इन चीफ के रूप में कार्यक्रम का मार्गदर्शन करेंगे।