जींद। हिंदू कन्या महाविद्यालय में वीरवार काे ऑल इंडिया कंज्यूमर एंड इनवेस्टर वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीयस्तर पर ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों से 350 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ई-प्रमाण पत्र प्रदान किए जायेंगे।
प्राचार्य डॉ. पूनम मोर ने कहा कि उपभोक्ता जागरूकता आज के समय की आवश्यकता है और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सजग व जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर डॉ. प्रियंका साहनी ने कहा कि युवाओं में उपभोक्ता एवं निवेशक जागरूकता को बढ़ावा देना समय की मांग है और इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की पहल उपभोक्ता अधिकारों को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस दौरान डाॅ. संजय अग्रवाल, जनरल सेक्रेटरी और ऑल इंडिया कंज्यूमर एंड इनवेस्टर वेलफेयर ट्रस्ट के सदस्य मौजूद रहे। संवाद