जींद। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की तरफ से गांव गोसाई खेड़ा में चलाए जा रहे 13 दिवसीय जूट के बैग बनाने का प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 35 महिलाओं ने बैग बनाने का प्रशिक्षण लिया। समापन समारोह में मुख्यातिथि अग्रणी जिला प्रबंधक अनुपम मरांडी और विशिष्ट अतिथि अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय से मोहित कुमार शामिल हुए।
अनुपम मरांडी ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद छोटे स्तर से अपना काम शुरू करके उसे कितने भी बड़े स्तर तक बढ़ा सकते हो। आर्थिक रूप से कमजोर महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सरकार की ओर से चलाई जा रही स्कीमों के तहत सब्सिडी वाला लोन लेकर अपना काम शुरू कर सकती हैं। मोहित कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद ये महिला व लड़कियां अपना काम शुरू करके अपने परिवार की जीवन शैली में सुधार करने का काम करेंगी व आत्मनिर्भर बनेंगी। ग्रामीण रोजगार प्रशिक्षण संस्थान जींद के निदेशक सुखबीर दहिया ने प्रशिक्षणार्थियों को सरकार द्वारा चलाई जा रही स्कीमों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से फीडबैक लिया व बैंकिंग से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में बेरोजगारी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और जूट के बैग बनाने की ट्रेनिंग लेने के उपरांत प्रशिक्षणार्थी अपना रोजगार शुरू कर सकती हैं। अंत में संस्थान निदेशक सुखबीर दहिया ने प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रह्लाद सिंह, मंजू, संजय कुमार, निशा मौजूद रहीं।
फोटो कैप्शन
28जेएनडी 01: शिविर के समापन अवसर पर मुख्यातिथि के साथ प्रशिक्षणार्थी।