संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिला के लुदाना और लिजवाना कलां में 33 केवी के पावर सब स्टेशन बनेंगे। इन स्टेशनों का वर्ष 2026 तक निर्माण पूरा हो जाएगा। इन स्टेशनों के बनने से लगभग 20 गांव के उपभोक्ताओं को ओवरलोड की समस्या से निजात मिलेगी।
निगम 19 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लुदाना और लिजवाना कलां में दो नए पावर सब स्टेशन बना रहा है। पावर सब स्टेशनों के चालू होने से आसपास के लगभग 20 गांवों के सैंकड़ों उपभोक्ताओं को पूरी वोल्टेज के साथ बिजली मुहैया होगी। गांवों में कम वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और लाइन ओवरलोड होने जैसी समस्याएं बनी रहती हैं।
कई बार उपभोक्ताओं को घरेलू उपकरण जलने, मोटरें न चलने और धान-गेहूं की सीजन में कृषि कार्य प्रभावित होने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नए पावर हाउसों के शुरू होने से उपभोक्ताओं को समस्याओं से काफी हद तक छुटकारा मिलेगा।
ग्रामीण सतबीर, सुरेश, संदीप कुमार, नरेश का कहना है कि कई वर्षों से वे कम वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं जिस कारण पानी की मोटरें तक सही से नहीं चल पातीं। गर्मियों में पंखे और कूलर के न चलने से परेशानी और बढ़ जाती है। ग्रामीणों को पावर हाउस बनने के बाद इन परेशानियों से निजात मिलेगी।