जींद। निपुण हरियाणा मिशन के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालयों की कक्षाओं में प्रिंट रिच वातावरण को समृद्ध बनाने के लिए प्रिंट रिच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 32 शिक्षकों को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विजय लक्ष्मी ने सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समन्वयक राजेश चहल ने की।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विजय लक्ष्मी ने कहा कि ये बहुत ही अच्छी बात है कि इन शिक्षकों ने स्कूलों मे बहुत अच्छा प्रिंट वातावरण तैयार किया है। वह स्वयं और जिला समन्वयक इन विद्यालयों की विशेष विजिट करेंगे।
इसमें बाल वाटिका-3 से लेकर पांचवीं कक्षा तक के शिक्षकों को ढाई मिनट की वीडियो अपने विद्यालय में प्रिंट रिच की बनानी थी। विद्यालय शिक्षा निदेशालय का मानना है कि प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को विषय वार दक्षताओं में निपुण बनाने के लिए कक्षा के प्रिंट रिच वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में बाल वाटिका-3 से लेकर कक्षा 5वीं तक के कक्षा कक्ष को प्रिंट रिच कर उनके वातावरण को सीखने के अनुकूल बनाना है। प्रिंट रिच में जहां दीवारों और आसपास की चीजों पर लिखी गई सामग्री सिर्फ सजावट के लिए नहीं होती बल्कि वह बच्चों की पढ़ाई में मदद करने के लिए होती है।
इसके माध्यम से बच्चों के पढ़ने, समझाने और बोलने की आदतों के विकास करने पर जोर दिया जाता है। साथ ही यह कक्षा के लक्ष्यों के भी अनुकूल होना चाहिए। प्रिंट रिच के माध्यम से विद्यार्थी अपने रोजमर्रा के काम से जुड़े रहते हैं।
इसमें जन्मदिन चार्ट, दैनिक कामों की सूची, मौसम, त्योहार के बारे में अवगत करवाया जाता है। ऐसे में प्रिंट रिच कक्षा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक माहौल व सीखने का वातावरण तैयार करती है।
वर्जन
निपुण हरियाणा मिशन के तहत प्रिंट रिच पर आधारित स्कूल, क्लस्टर, ब्लॉक, जिला और राज्यस्तर पर प्रतियोगिताएं हुई थी। प्रिंट रिच गतिविधियां कक्षा कक्ष के वातावरण को विद्यार्थियों के अनुकूल बनाती है, जिससे बच्चों की छोटी उम्र में ही पढ़ाई पर पकड़ मजबूत बनती है।-राजेश चहल, जिला समन्वयक, निपुण मिशन जींद