एडीआरएम के आश्वासन के बाद दुकानदारों की भूख हड़ताल खत्म
अमर उजाला ब्यूरो
उचाना। लितानी रोड रेलवे फाटक पर रेलवे द्वारा बनाए जाने वाले अंडरपास को स्थानांतरित करके फाटक बनाने की मांग को लेकर दुकानदारों द्वारा की जा रही भूख हड़ताल समाप्त हो गई है। दरअसल इस मामले में दुुकानदार बुधवार को जींद में एडीआरएम राजीव धनखड़ से मिले थे। एडीआरएम के आश्वास के बाद दुकानदारों ने वीरवार को भूख हड़ताल को खत्म कर दी है।
दुकानदार विक्रम चहल ने कहा कि रोजगार बचाने को लेकर दुकानदार जो संघर्ष कर रहे हैं उसमें हर किसी का सहयोग मिल रहा है। खापों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा रोजगार बचाने को लेकर शुरू की गई मुहिम में साथ दिया जा रहा है। अब अंडरपास के स्थानांतरण को लेकर जो मांग कर रहे थे वो पूरी होने की उम्मीद नजर आने लगी है। जींद जंक्शन पर पहुंचे रेलवे के एडीआरएम राजीव धनखड़ ने यू आकार का अंडर पास बनाने के लिए रेलवे अधिकारी को नक्शा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। एडीआरएम ने रेलवे के अधिकारियों को फाटक के पास अंडरपास का नक्शा बनाने को निर्देश दिए जाने से अब दुकानदारों को रोजगार बचने, बेघर होने से बचने की आश हुई है। फोटो कैप्शन
28जेएनडी 38 : भूख हड़ताल पर बैठे विक्रम चहल को जूस पिला कर भूख हड़ताल समाप्त करवाते हुए योजना बोर्ड के पूर्व सदस्य डॉ. जिले सिंह राणा एवं राजबीर मोर।
बंद फाटक खुलवाने को लेकर दिया एसडीएम के नाम ज्ञापन
अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा एसडीएम रीडर संतोष को पांच फरवरी से बंद रेलवे फाटक को खुलवाने सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। फाटक को खुलवाने सहित सभी समस्याओं को तुरंत हल करवाने की मांग की। कामरेड ज्ञानी राम, बलिंद्र, धूप सिंह बसाऊ, रमेश ने कहा कि उचाना कलां की जमीन रेलवे के पार है। खेतों में जाने वाले रास्ते के लिए रेलवे ने एक अंडरपास बनाया हुआ है, लेकिन यहां उचाना कलां से लेकर अंडरपास से पहले तक रास्ता कच्चा है। सभी वाहन इस रास्ते से गुजर रहे हैं, इसलिए इस कच्चे रास्ते को पक्का किया जाए। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती तब तक फाटक को खोला जाए। उचाना कलां गांव में बंदरों की संख्या जो बढ़ रही है उनको तुरंत प्रशासन पकड़वाने का काम करें। गांव की जो गलियां कच्ची, टूटी है उनको पक्का करवाने का काम प्रशासन करें। गांव में सीवर व्यवस्था चालू नहीं है इसको भी ठीक करवाया जाए।