04जेएनडी03: पीएनबी में समापन अवसर पर मौजूद महिलाएं और अन्य। स्रोत संस्था
जींद। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को हुआ। प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्र की 30 महिलाओं ने सौंदर्य क्षेत्र के विभिन्न कौशल में व्यावहारिक दक्षता प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन समारोह में संस्थान के निदेशक सुखबीर दहिया ने कहा कि सुंदरता और आत्मविश्वास एक-दूसरे के पूरक हैं। प्रशिक्षण के बाद महिलाएं अपना पार्लर शुरू कर न केवल अपनी पहचान बना सकती हैं बल्कि अपने परिवार की जीवन शैली में भी सुधार कर सकती हैं।
इससे वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और परिवार को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सक्षम होंगी। निदेशक ने कहा कि महिलाएं कम पूंजी से भी अपना काम शुरू कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से अनुसूचित जाति-जनजाति निगम, महिला बाल विकास निगम और जैसी योजनाओं के तहत सब्सिडी आधारित ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
इसके अलावा, मुद्रा योजना और स्टैंड अप इंडिया के माध्यम से सीधे बैंकों से ऋण लेकर बड़े स्तर पर व्यवसाय शुरू किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं को बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी गई और उनका फीडबैक भी लिया गया। इस अवसर पर जयपाल मल्हान, रूबी देवी और स्टाफ मौजूद रहा।