जींद। फरीदाबाद में आयोजित हुए राज्यस्तरीय विभाजन विभीषिका कार्यक्रम के लिए जींद से 30 बस गई। इसके अलावा पांच बस स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर विद्यार्थियों के लिए लगा रखी थी। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 35 बसों की कमी के चलते वीरवार को रोहतक, जुलाना, बरवाला, छातर, मांडी, बधाना, नगूरां, किठाना, मालसिवाना और खरैंटी जैसे लोकल रूट पर बसों का संचालन बाधित रहा।
हालांकि परिवहन विभाग के निदेशालय की ओर से पत्र जारी कर प्रदेशभर से 470 बस भेजने के निर्देश सभी रोडवेज महाप्रबधंकों को दिए थे। इसमें जींद से 20 बस भेजने के निर्देश दिए गए थे लेकिन कार्यक्रम में लोगों की संख्या ज्यादा होने के कारण जींद से 30 बस भेजी गई। इस कारण लोकल रूट पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जींद डिपो में लगभग 168 बस ऑनरूट रहती हैं जिसमें किलोमीटर स्कीम की 37 बस शामिल हैं। स्वतंत्रता दिवस को लेकर पांच बस विद्यार्थियों की चल रही फुल ड्रेस रिहर्सल के लिए लगाई गई हैं जिनकी शुक्रवार को दोपहर बाद अन्य रूट पर चलने की संभावना है। जींद बस स्टैंड के डीआई जसमेर खटकड़ ने बताया कि वीरवार को फरीदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में जींद डिपो से 30 बस गई थी। शुक्रवार से सभी बसों का संचालन पहले की तरह सुचारू रूप से शुरू हो जाएगा। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।