31जेएनडी 23: पत्रकार वार्ता कर जानकारी देते हुए कंडेला खाप प्रधान ओमप्रकाश कंडेला। संवाद
जींद। गन कल्चर, अश्लीलता, बढ़ते नशे और गोहाना रोड स्थित रिहायशी क्षेत्र में स्थापित बायोगैस प्लांट के विरोध में 9 अगस्त को गांव कंडेला के ऐतिहासिक चबूतरे पर जिले की 25 खापों की महापंचायत आयोजित की जाएगी। महापंचायत में इन मुद्दों पर चर्चा कर सरकार से समाधान की मांग की जाएगी और आगामी आंदोलन की रणनीति तय होगी।
शुक्रवार को जींद की जाट धर्मशाला में आयोजित प्रेसवार्ता में कंडेला खाप के प्रधान ओमप्रकाश कंडेला ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से गन और अश्लील संस्कृति का प्रभाव बढ़ रहा है जिसका युवाओं और समाज पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ता नशा भी परिवारों और सामाजिक व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है।
उन्होंने सरकार से समय रहते प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि लापरवाही बरतने पर सामाजिक समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं। उन्होंने गोहाना रोड के रिहायशी क्षेत्र में संचालित बायोगैस प्लांट को भी लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया। महापंचायत में इस विषय पर चर्चा कर समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
खाप पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में महम में आयोजित खाप पंचायत में सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया था। कंडेला महापंचायत में लिए गए फैसलों को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर कंडेला खाप संरक्षक ईश्वर लोहचब, वरिष्ठ उपप्रधान रघुवीर भारद्वाज, प्रेस प्रवक्ता जगत सिंह रेढ़ू, कानूनी प्रकोष्ठ चेयरमैन एडवोकेट रणधीर सिंह रेढ़ू और प्रधान महासचिव राज सिंह रेढ़ू मौजूद रहे।