नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने आए परिजन। संवाद
- फोटो : Jind
सड़क के किनारे खड़े ट्रक में टकराने से बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सफीदों रोड पर निर्जन गांव के पास रविवार देर रात को हुए हादसे में मरने वाला चिंटू जींद में लकड़ी की चौखट व झांकी बनाने का काम करता था। हादसे की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया। ट्रक चालक राजस्थान के जोधपुर जिले के तलिया गुडा गांव निवासी लक्ष्मण के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जामनी गांव निवासी कुलदीप ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा चिंटू शहर में चौखट-झांकी की दुकान पर काम करता था। सोमवार सुबह उसे सूचना मिली कि उसके बेटे की रविवार रात को करीब एक बजे निर्जन गांव के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। उसने बताया कि चिंटू रविवार रात में मोटरसाइकिल पर शहर आ रहा था। जब वह गांव निर्जन के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे वाहन की लाइट आंखों पर पड़ने से बेटे को सड़क के किनारे बिना इंडिकेटर जलाए खड़ा ट्रक नहीं दिखाई दिया और वह मोटरसाइकिल लेकर उसमें टकरा गया। जिससे चिंटू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को सूचना मिलने पर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से ट्रक खड़ा कर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।