अंतिम तिथि के बाद भी कृषि विभाग कार्यालय में उमड़ी किसानों की भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत आवेदन जमा करवाने की आखिरी तारीख समाप्त होने के बाद भी आवेदन करने से महरूम रहे किसान शुक्रवार को कृषि विभाग कार्यालय में पहुुंचे। यहां आवेदन फार्म जमा नहीं होने पर किसानों को निराशा होकर लौटना पड़ा।
वीरवार तक एक लाख दस हजार किसानों ने योजना का लाभ लेने के कृषि विभाग कार्यालय में फार्म जमा करवाए। इसमें से 95 हजार किसानों के फार्म अपलोड भी कर दिए हैं। वहीं जिन किसानों के फार्म जमा नहीं हो पाए थे, वह किसान शुक्रवार को फार्म जमा करवाने के लिए कार्यालय पहुंचे। कृषि विभाग अधिकारियों द्वारा फार्म नहीं जमा करने पर किसानों को खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ा। केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के लिए पेंशन योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत किसानों को वर्ष में छह हजार रुपये की राशि दिए जाने का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत जिलेभर के पांच लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलना था। इसके लिए कृषि विभाग अधिकारियों ने जिले के 306 गांवों में फार्म भरने के लिए 96 गांवों में पटवारियों की ड्यूटियां लगाई गई थी। इस दौरान केवल एक लाख किसान ही आखिरी तारीख तक फार्म जमा करवाए।
तहसील में हो रही जमाबंदी तो यहां भी बढ़ानी चाहिए तारीख
किसानों को तहसील में जमाबंदी करवाने के बाद कृषि विभाग कार्यालय में फार्म जमा करवाने होते हैं। वीरवार को फार्म जमा करवाने की आखिरी तारीख थी। तकनीकी कमी के चलते सभी किसानों की जमाबंदी नहीं हो पाई थी। वहां किसानों की जमाबंदी हो रही है तो कृषि विभाग कार्यालय में फार्म जमा करवाने की तारीख बढ़ाई जाए।
नवीन, निड़ानी निवासी।
तकनीकी कमी के चलते फार्म जमा नहीं हो पाए
तहसील में लोगों की काफी भीड़ थी। वहीं तकनीकी कमी के चलते एक किसान की जमाबंदी करने में दो-दो घंटे लग रहे थे। वीरवार को फार्म जमा नहीं हो पाए तो शुक्रवार को फार्म जमा करने चाहिए थे। इससे जरूरतमंद किसानों को लाभ मिल सके। कृषि विभाग अधिकारियों ने फार्म जमा करने से मना कर दिया।
-सतबीर, आलनजोखी खेड़ा निवासी।
सभी काम छोड़ कर फार्म जमा करवाने आई थी
घर के सब काम छोड़-छाड़ कर फार्म जमा करवाने आई थी। फार्म जमा करना चाहिए था। यहां आकर पता चला कि वीरवार को आखिरी दिन था। शुक्रवार को फार्म जमा नहीं किए जाएंगेे। ऐसे में काफी निराशा है। बहुत से किसानों के फार्म नहीं जमा हो पाए हैं। सरकार को चाहिए कि जरूरतमंद किसानों को लाभ दिलाने के लिए फार्म जमा करने की तारीख को बढ़ाया जाए।
- बीरमती, किनाना गांव निवासी।
वीरवार को आवेदन जमा करवाने का अंतिम दिन था। वीरवार तक एक लाख से ज्यादा किसानों के फार्म कृषि विभाग कार्यालय में जमा किए गए। इसमें से 95 हजार किसानों के फार्म अपलोड भी कर दिए गए हैं। जिन किसानों के फार्म जमा हो चुके हैं उन्हें योजना का लाभ मिल पाएगा। जो किसान अभी फार्म जमा करवाने से वंचित रह गए हैं उनके लिए ऊपर से कोई निर्देश आएंगे तो आगामी कदम उठाए जाएंगे।
- डॉॅ. सुरेंद्र मलिक, जिला उपकृषि निदेशक जींद।