अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। नवदीप स्टेडियम में 12 करोड़ रुपये की लागत से 400 मीटर का स्टैंडर्ड एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा जोकि पूर्ण रूप से सिंथेटिक होगा। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गत वर्ष नरवाना में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में की थी। केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह 21 जून को नवदीप स्टेडियम में निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर जिला उपायुक्त अमित खत्री व एसडीएम डॉ. किरण सिंह भी मौजूद रहेंगे।
खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग हरियाणा के डिप्टी डायरेक्टर जुगमिंदर सिंह ने बताया कि प्रशासनिक स्वीकृति खेल विभाग हरियाणा से मिलने के बाद एडवांस स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी एलएलपी नई दिल्ली द्वारा टेंडर लिया गया है। एथलेटिक ट्रैक ओलंपिक स्टैंडर्ड का बनने के बाद खिलाड़ी यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की तैयारी कर सकेंगे व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा सकेगा। सिंथेटिक ट्रैक के चारों ओर फ्लड लाइट्स लगाई व रेलिंग बनाई जाएगी। चारों तरफ दर्शकों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी। पानी छिड़कने के लिए स्पिनकलर सिस्टम लगाया जाएगा।