अमर उजाला ब्यूरो
जींद। अपराही मोहल्ले के लोगों ने सोमवार सुबह 10 बजे पीने के पानी की समस्या से तंग आकर बतख चौक पर जाम लगा दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें दो महीने से पीने का पानी नहीं मिल रहा है। जो वाटर पंप लगाया गया है, वह कभी-कभी ही पानी की सप्लाई देता है। कॉलोनी के लोगों को दूसरी कॉलोनी से जाकर पीने का पानी लाना पड़ता है। लगभग एक घंटे लगे जाम के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ शमशेर सिंह ढांडा ने आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इसके बाद उन्होंने सीवरेज व्यवस्था की बदहाली की स्थिति का भी जायजा लिया।
कॉलोनी के शमशेर सिंह, सोनू, अनिल, सुनील, सत्यवान, राजेश, बाला, बीरमति, केलो, दयावंती आदि ने बताया कि उनकी कॉलोनी ऊंचाई पर है जबकि उनको सफीदों रोड पर लगे पंप हाउस से पानी की सप्लाई मिलती है। पिछले दो महीने से उनकी कॉलोनी में पीने के पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही। इसकी उन्होंने कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत भी की लेकिन कोई समाधान नहीं निकल रहा। उनको पीने का पानी दूसरी कॉलोनियों से लाना पड़ता है। उनकी कॉलोनी ऊंचाई पर होने के कारण उनको पीने का पानी लाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जब उनकी सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने मजबूरीवश जाम लगाना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को दूसरे रास्तों से डायवर्ट करके निकाला। बाद में मौके पर पहुंचे जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ ने मौके का मुआयना किया और जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
दोबारा करना पड़ेगा बोर
अपराही मोहल्ले में पीने के पानी की सप्लाई के लिए सफीदों रोड के पास जलघर बनाया गया है। इसमें ट्यूबवेल के माध्यम से पानी की सप्लाई की जाती है। कभी-कभी ट्यूबवेल पानी छोड़ जाता है, इस कारण लोगों को समस्या आ रही है। इसके लिए दोबारा बोर करना पड़ेगा। इस पर जल्द ही काम शुरू करके लोगों के पीने का पानी मुहैया करवाया जाएगा।
-शमशेर सिंह ढांडा, एसडीओ जनस्वास्थ्य विभाग।