अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव जामनी में एक व्यक्ति अपनी छत पर पड़ी लकड़ी को गली में फेंक रहा था, यह लकड़ी गली में खेलते बच्चे के सिर में लग गई। बच्चे को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। उपचार के दौरान बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने बच्चे के पिता की शिकायत पर गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव जामनी निवासी नरेंद्र कुमार ने पिल्लूखेड़ा पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह मजदूरी का काम करता है। उसका पड़ोसी बलिंद्र उर्फ भूरिया शाम को अपने घर की छत पर पड़ी लकड़ियों को गली में फेंकने लगा। बलिंद्र ने जब लकड़ी फेंकी तो एक लकड़ी गली में खेल रहे उसके साढ़े चार वर्षीय बच्चे अक्षित के सिर में लगी। इससे अक्षित नीचे गिर गया और बेहोश हो गया। नरेंद्र ने कहा कि वह उसे जामनी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गया। यहां चिकित्सक ने कहा कि बच्चे की हालत गंभीर है, इसे पीजीआई रोहतक ले जाओ। नरेंद्र ने कहा कि इसके बाद अक्षित को पीजीआई रोहतक में दाखिल करवाया गया। दोपहर को बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने नरेंद्र कुमार की शिकायत पर बलिंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।