अमर उजाला ब्यूरो
जींद। हुडा क्षेत्रों में प्लाट धारकों पर डाली गई इन्हांसमेंट की राशि भर चुके लोगों ने भी अब सरकार से राहत की मांग की है। लोगों ने सीएम विंडो पर शिकायत दी है। गौरतलब है कि इन्हांसमेंट राशि पर सरकार ने सेक्टरवासियों को 40 प्रतिशत रियायत देने का आश्वासन दिया है। सीएम विंडो पर दी शिकायत में सेक्टर सात निवासी मंजू ने कहा कि पिछले साल छह अगस्त को इन्हांसमेंट का पत्र आया था। इसके बाद उन्होंने इस पर ब्याज राशि से बचने के लिए समय पर दो किस्तों का भुगतान कर दिया। इसके बाद सरकार ने ऐसे लोगों को राहत देने की घोषणा की, जिन्होंने इन्हांसमेंट राशि का भुगतान नहीं किया है। मंजू ने कहा कि सरकार के इस फैसले से इन्हांसमेंट की राशि भर चुके लोगों को कोई लाभ नहीं हुआ, जबकि वे राशि भर चुके हैं। ऐसे में उनको भी सरकार की घोषणा का लाभ देते हुए राशि वापस दी जाए।
करीब 200 लोगों ने भरा है इन्हांसमेंट
सेक्टर नौ के प्रधान व इन्हांसमेंट के खिलाफ लगातार आंदोलन करने वाले रामनिवास ढिगाना ने कहा कि जींद में करीब 1500 लोगों पर 64 करोड़ रुपये की इन्हांसमेंट राशि का बोझ डाला गया है। इनमें करीब 200 लोग इस राशि का भुगतान कर चुके हैं। इनको लाभ दिलाने के लिए पानीपत में आंदोलन जारी है।