जींद। सोमवार से जींद के एकलव्य स्टेडियम में शुरू होने वाली एक करोड़ी राष्ट्रीय नेशनल स्टाइल कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज सुल्तान फिल्म के गाने खून में तेरे मिट्टी, मिट्टी में तेरा खून से होगा। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए दिल्ली की आसमा कंपनी के डायरेक्टर अपने कलाकारों का पसीना बहा रहे हैं।
एक करोड़ी कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के महामहिम राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी करेंगे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल मंत्री अनिल विज करेंगे। इतने बड़े आयोजन में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ रहा। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीमें कार्यक्रम में चार चांद लगाएंगी। मैचों के बीच-बीच में सांस्कृतिक टीमें दर्शकों का मनोरंजन भी करेंगी। आसमा कंपनी के कोरियोग्राफर एवं डायरेक्टर मार्क व आशीष ने बताया कि उनकी टीम में 55 कलाकार हैं, जो अलग-अलग प्रफोर्म करेंगे। सुल्तान फिल्म के गाने खून में तेरे मिट्टी, मिट्टी में तेरा खून रे सुल्तान गाने से कार्यक्रम का आगाज होगा। इसके साथ-साथ चक दे, चक दे इंडिया गाना भी बहुत ही बढिय़ा तरीके से तैयार किया गया है। इसके साथ-साथ जाने-माने कलाकार गजेंद्र फौगाट, अशोक मस्ती व कृष्ण बरुआ भी अपनी कला के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। दिल्ली की टीम की पूरी व्यवस्था एरिना मैदान लगाने वाली टीम ने की है। पूरा दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने वाली टीम ने अपनी तैयारियां की। जिस मैट पर खेल प्रतियोगिता होगी, उसी मैट पर सभी टीमें अपनी परफॉर्मेंस देंगी। डायरेक्टर मार्क ने बताया कि उनकी कंपनी पहले भी बड़े-बड़े आयोजनों में अपनी शानदार प्रस्तुति देकर अपनी अमिट छाप छोड़ चुकी है। इस कार्यक्रम में भी वे अपना बेहतर प्रदर्शन करेंगे ताकि जींद के लोग उनकी प्रतिभा का लोहा मान सकें। जिला प्रशासन ने भी इन टीमों को अपनी बेहतरीन प्रस्तुति देने के लिए कहा है ताकि कार्यक्रम की भव्यता झलक सके।
50 लड़कियां गाएंगी स्वागत गीत
खेल विभाग की तरफ से 50 लड़कियों का एक समूह बनाया गया है, जो मुख्यातिथि के आने पर स्वागत गीत की प्रस्तुति देंगी। यह लड़कियां वंदे मातरम व राष्ट्रीय गान भी गाएंगी तथा बीच-बीच में हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत गाने भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
18जेएनडी08 : एकलव्य स्टेडियम में अपनी प्रस्तुति में निखार लाने के लिए प्रेक्टिस करते कलाकार।18जेएनडी09 : खून में तेरे मट्टिी.. गाने की रिहर्सल करते दिल्ली के कलाकर।