अमर उजाला ब्यूरो
जींद। कई दिन तक भयंकर गर्मी और धूल के गुबार के बीच शनिवार को मौसम में कुछ सुधार हुआ। अब मौसम विभाग ने आने वाले दो दिन तक गर्मी व प्रदूषण से निजात मिलने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार व सोमवार को कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबंादी हो सकती है। हालांकि मंगलवार से फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है। एक बार पारा फिर 45 डिग्री तक जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि पिछले तीन दिन तक गर्मी के साथ हवा में धूल ने भी लोगों को परेशान किया। सामान्यतौर पर हवा की गुणवत्ता 100 एक्यूआई तक सही मानी जाती है, लेकिन इस दौरान एक्यूआई 750 के पार पहुंच गया था। वहीं तापमान भी 44 डिग्री के आसपास रहा। इसके साथ ही हवा में नमी की मात्रा भी बढ़ गई थी, जिससे उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को पसीना भी सहन करना पड़ रहा था। अब मौसम विभाग ने कुछ राहत के संकेत दिए हैं। हालांकि यह राहत दो दिन की होगी, लेकिन इससे प्रदूषण का स्तर कम होने की पूरी संभावनाएं हैं।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विभाग के अनुसार रविवार व सोमवार को बारिश की संभावना है। इसके बाद मंगलवार को फिर से तापमान बढ़ेगा। बुधवार व वीरवार को तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है। इसके साथ ही हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से उमस परेशान करेगी। हालांकि शुक्रवार को फिर से तापमान में गिरावट आएगी।
फसलों के लिए अच्छी होगी बारिश
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल बारिश होने से फसलों को काफी लाभ होगा। पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद फिर से कपास की फसल को पानी की जरूरत है। वहीं जिन किसानों ने एक सप्ताह पहले बाजरे की बिजाई की थी, उनको भी लाभ होगा। साथ ही तेज बारिश होने से धान की रोपाई कर रहे किसानों को भी खेत तैयार करने का मौका मिल जाएगा।
प्रदूषण खतरनाक स्तर पर बरकरार
हालांकि पिछले दो दिन में हवा में नमी बढ़ी है और इससे दृश्यता में सुधार हुआ है, लेकिन एक्यूआई में अधिक सुधार नहीं हुआ है। पिछले तीन दिन की तरह ही शनिवार को भी हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर रही। शनिवार को हवा की गुणवत्ता पीएम 10, 738.49 आंकी गई, जबकि महज 100 एक्यूआई तक की प्रदूषण स्तर सामान्य माना जाता है।