जींद। टैगो एप्लीकेशन में मुनाफे का झांसा देकर एक व्यक्ति से 20 लाख रुपये ठग लिए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
शहर के सेक्टर-11 निवासी दीपक ने पुलिस एफआईआर में बताया कि जून 2025 में उसका संपर्क समीर अग्रवाल और उनके साथियों से हुआ था। दोनों ने नई टैगो एप्लीकेशन लॉन्च की जानकारी दी और निवेश करने पर अच्छा खासा मुनाफा होगा।
इस पर उन्होंने एप्लीकेशन को डाउनलोड कर लिया और उन्हें आईडी बना कर दे दी गई। इसमें निवेश करना शुरू कर दिया। आईडी के वायलेट में मुनाफा भी अच्छा दिखाया गया। एक जुलाई 2025 तक वह 20 लाख रुपये का निवेश कर चुके थे।
बॉलीवुड अभिनेत्री भूमिका मीरचंदानी, मिस्टर हरियाणा विकास गुलिया एप्लीकेशन को प्रमोट करने के साथ उसमें हिस्सेदार थे। जब उन्होंने निवेश राशि को निकालने की कोशिश की तो नहीं निकली। जब उन्होंने समीर अग्रवाल और उसकी टीम से इस बारे में बातचीत की तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और उन्होंने राशि लौटाने से भी मना कर दिया।
जांच अधिकारी टिंकू ने बताया कि इस मामले में समीर अग्रवाल, उदय शर्मा, महक ढिल्लो, समर सैय्यद, कवी खत्री, भूमिका मीरचंदानी, केशव अरोड़ा, शिवानी, विकास गुलिया, एबीयू लश्कर, एलिना, अंश, सौरभ राय के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।