करनाल जेल में बनेगी प्रदेश की पहली मॉडल गोशाला : श्रवण
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। सरकार ने प्रदेश की जेलों में बंद कैदियों को गोसेवा से जोड़ने के लिए जेलों में गोशालाएं बनाने का निर्णय लिया गया है। सरकार के इस निर्णय, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज की सद्प्रेरणा व हरियाणा गोसेवा आयोग के चेयरमैन भानीराम मंगला के नेतृत्व में करनाल जेल में प्रदेश की पहली मॉडल गोशाला का निर्माण अतिशीघ्र किया जा रहा है। यह जानकारी हरियाणा गोसेवा आयोग के सदस्य श्रवण गर्ग ने पत्रकारों को दी। वे रविवार को नगर की स्वामी गोरक्षानंद गोशाला में राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी के दौरे के मद्देनजर तैयारियों का जायजा ले रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ योगेश दीवान, तीर्थराज गर्ग व डा. बीर सिंह नांदल विशेष रूप से मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि जेलों में बंद कैदी जब गोसेवा से जुड़ेंगे तो उनके विचारों में बदलाव आएगा और वे रिहा होने के बाद बेहतर इंसान के रूप में समाज को अपना योगदान देंगे। जेलों में गोशालाओं के निर्माण के लिए आठ सदस्यीय एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में हरियाणा गोसेवा आयोग के सदस्य श्रवण कुमार गर्ग, एडिशनल आईजी जेल हरीश कुमार, जेल अधीक्षक करनाल, जिला गोवंश अधिकारी करनाल, उपनिदेशक कृषि विभाग, गोसेवक गोपाल बिट्टू स्वामी, प्रधान गो चिकित्सा केंद्र करनाल सतीश गुप्ता व जिला करनाल गोशाला संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता को शामिल किया गया है।