एक सप्ताह से नहीं मिल रहा पानी, महिलाओं ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
अलेवा। बिघाना गांव अनुसूचित जाति की बस्ती में पिछले करीब एक सप्ताह से पीने के पानी की किल्लत है। इस पर महिलाओं ने रविवार को जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
महिला संतोष, कांता, रेनू, सुमन, रेखा व बाला ने बताया कि उन्हें पीने के पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। महिलाओं ने खाली मटके सिर पर रखकर रोष प्रकट करते हुए कहा की उनकी बस्ती में पिछले कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। गांव के पंप लगा हुआ है, लेकिन यहां तैनात कर्मचारी उनकी तरफ सप्लाई नहीं दे रहे हैं। महिलाओं ने कहा कि इसको लेकर ग्राम पंचायत को भी अवगत करा चुके हैं, लेकिन ग्राम पंचायत भी कोई कार्रवाई नहीं कर ही है। उन्होंने कहा की बस्ती में पानी की सप्लाई के लिए विभाग की तरफ से पाइप लाइन बिछाई हुई है, लेकिन उसमें पानी नहीं चढ़ पाता। उसकी बस्ती ऊंचाई पर है और कर्मचारी इसके लिए उचित व्यवस्था नहीं कर रहे हैं। जन स्वास्थ्य विभाग के जेई डीपी शर्मा गांव में पेयजल सप्लाई पंचायत के पास है। पंचायत से पता किया जाएगा कि बस्ती में पानी क्यों नहीं जा रहा। इसके बाद ही समस्या को हल किया जा सकेगा।