नियम 134-ए के तहत गरीब व बीपीएल परिवार के बच्चों ने 16 अप्रैल को दी परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित किया गया। जींद ब्लॉक के 1619 बच्चों ने परीक्षा दी, जिसमें से 411 बच्चें ही परीक्षा में पास हुए। खंड शिक्षा कार्यालय में लिस्ट लगते ही अभिभावकों की परेशानी बढ़ने लगी। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि परीक्षा देने वाले बच्चों को गैर हाजिर दिखाया गया है। इसके अलावा पेपर भी ठीक से चेक नहीं किए गए।
खंड शिक्षा कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने अभिभावकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभिभावकों का गुस्सा बढ़ता गया। उन्होंने कर्मचारियों की एक नहीं सुनी। वहीं, दो जमा पांच मुद्दे आंदोलन के सदस्यों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वहीं अभिभावकों ने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से जो रिजल्ट जारी किया गया है वह गलत है। बच्चों का पेपर अच्छा हुआ था, लेकिन परिणाम उसके अनुरूप नहीं है। अब एडीसी से मिलकर पेपर की दोबारा जांच कराने की मांग की जाएगी।
इन कक्षाओं में पास हुए बच्चे
कक्षा दो से पांचवीं तक बच्चों ने 725 बच्चों ने परीक्षा दी। इसमें से 237 बच्चे पास हुए। कक्षा छठी से कक्षा आठवीं तक बच्चों ने 562 बच्चों ने परीक्षा दी। इसमें से 95 बच्चे ही पास हुए। कक्षा नौवीं से कक्षा 12वीं तक बच्चों ने 332 बच्चों ने परीक्षा दी। इसमें से 79 बच्चे ही पास हुए।
बच्चे ने दी परीक्षा, लेकिन दिखाया गैर हाजिर
मेरे बच्चे का नाम अनुज आठवीं कक्षा प्रवेश के लिए परिक्षा दी थी लेकिन जब लिस्ट लगी तो बच्चे को गैर हाजिर दिखाया गया। जब कर्मचारियों ने दोबारा रिजल्ट देखा तो बच्चे का रिजल्ट पाया गया और बच्चे का 54 नंबर दिखाए गए। तबि वह रिजल्ट की कॉपी लिस्ट में लगा दी। बच्चे को फेल बता दिया। इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मबीर, अभिभावक।
गलत है परिक्षा परिणाम
शिक्षा विभाग द्वारा जो परीक्षा परिणाम घोषित किया गया है। वह काफी निराशाजनक है। बच्चों ने परीक्षा से घर आते ही कहा था कि पापा पेपर अच्छा हुआ है, लेकिन यहा तो पेपर में बच्चे को फेल दिखाया गया। इस समस्या को लेकर दोबारा पेपर जांच करवाने की मांग करेंगे।
दिनेश, अभिभावक।
मेरी बेटी मानसी ने सातवीं कक्षा के लिए परीक्षा दी थी लकिन परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद खंड शिक्षा कार्यालय में लगी लिस्ट में बच्चे को गैर हाजिर दिखाया गया और खंड शिक्षा के कर्मचारियों ने भी कुछ भी बताने से मना कर दिया।
अशोक, अभिभावक।
दोबारा परीक्षा परिणाम की जांच
शिक्षा विभाग की ओर से जारी नियम 134-ए के परीक्षा परिणाम निराशाजनक हैं। कुछ बच्चों को गैर हाजिर दिखाकर उसी लिस्ट में दोबारा उसी बच्चे का रिजल्ट दिखाया गया। विभाग की ओर से घोषित परीक्षा परिणाम से नाखुश हैं। परीक्षा परिणाम की दोबारा जांच करवाने के लिए बुधवार को एडीसी मिलेंगे।
सुमन श्योराण, जिलाध्यक्ष दो जमा पांच जन आंदोलन मुद्दे
बच्चे के आधार कार्ड में नहीं मिल रहा था पिता का नाम
नियम 134-ए के तहत बच्चों का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। केवल एक ही बच्चे की शिकायत आई हुई है, जिसमें बच्चे को गैर हाजिर दिखाया गया है। उस बच्चे का आधार कार्ड में पिता नाम नहीं मिल रहा था तो हमने उसी समय बच्चे को दूसरा रोल नंबर जारी कर दिया था और रिजल्ट भी दर्शाया गया है। जिस लिस्ट में बच्चा गैर हाजिर है, उसमें रोल नंबर अलग है। सभी पास हुए विद्यार्थियों को बुधवार दोपहर तक स्कूल अलॉट कर दिए जाएंगे।
परणिता मधोक, खंड शिक्षा अधिकारी