दौड़ लगाकर पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा अमित जींद पहुंचा
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए जिला करनाल के गांव कैमला गांव निवासी अमित ने दौड़ लगाता हुआ जींद पहुंचा। अमित ने ‘रन फॉर शहीद’ दौड़ एक मार्च से पंचकूला से शुरू की थी। अमित हर दिन 50 से 60 किलोमीटर का सफर तय करते हुए जींद पहुंचा। उसके इस सफर में उसका बड़ा भाई रामशरण व भतीजा पवन भी मौजूद हैं। वह अमित के पीछे कार में चल रहे हैं। अमित ने कहा कि वह एथलीट है और उसने पुलवामा में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए पूरे प्रदेश में दौड़ लगाने का निर्णय लिया है। एक मार्च से पंचकूला से दौड़ शुरू करते हुए वह पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र से होते हुए बुधवार को जींद पहुंचा। वह इस दौड़ का समापन 23 मार्च को करनाल में करेगा।
शहीदी दिवस पर हो राष्ट्रीय अवकाश
अमित ने कहा कि वह पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, झज्जर, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद से होता हुआ जींद पहुंचा है। अपनी इस यात्रा से देश के वीर सैनिकों को नमन करना चाहता है। जिनकी बदौलत हम यहां सुख और शांति से रह रहे हैं। 23 मार्च को शहीदी दिवस राष्ट्रीय अवकाश की मांग को लेकर चल रहा है।