अफसर बेटे को राजनीति में लांच करने की तैयारी में बीरेंद्र सिंह परिवार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह और उचाना कलां से विधायक प्रेमलता के बेटे आईएएस बृजेंद्र सिंह जल्द ही राजनीति में कदम रख सकते हैं। वीरवार को विधायक प्रेमलता ने पत्रकारों से बातचीत में इसके संकेत दे दिए हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि बृजेंद्र चुनाव लड़ता है तो उसके लिए उचाना का मैदान खाली है। साथ ही खुलासा किया कि इससे पहले जब चौधरी बीरेंद्र सिंह कांग्रेस में थे तो उस समय कुछ कांग्रेसी नेताओं ने कहा था कि वे मदद नहीं करेंगे। विधायक प्रेमलता ने कहा कि बृजेंद्र राजनीति में तो जरूरत आएंगे, लेकिन कब आएंगे यह उनका अपना फैसला होगा।
जानकारी के लिए लंबे समय से बीरेंद्र सिंह के आईएएस बेटे की राजनीति में आने की चर्चा है। ऐसे में विधायक प्रेमलता ने इसके संकेत देकर उचाना कलां विधासन सभा सीट के नए समीकरणों को हवा दे दी है। हालांकि इस दौरान विधायक प्रेमलता ने यह भी कहा कि बृजेंद्र को विधानसभा का चुनाव लड़ना है या लोकसभा का यह भी वे खुद ही तय करेंगे। आईएएस बृजेंद्र सिंह फिलहाल हैफेड के एमडी हैं और वे हुडा के मुख्य प्रशासक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
दुष्यंत चौटाला की तारीफ
पत्रकारवार्ता के दौरान चौटाला परिवार के विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रेमलता ने कहा कि यह उनका पारिवारिक विवाद है। इस पर वे कुछ नहीं कहेंगी। प्रेमलता ने कहा कि हालांकि दुष्यंत चौटाला अच्छा व ईमानदार है। गौरतलब है कि 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में प्रेमलता ने दुष्यंत चौटाला को हराकर जिले में से एक सीट भाजपा की झोली में डाली थी।