जींद। जिले में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन ने शहर में डीसी आवास और डीसी कैंप कार्यालय परिसर में 160 वाट की सोलर हाई मास्ट लाइटें स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस पर लगभग 5.90 लाख रुपये की राशि खर्च होगी।
इस परियोजना का उद्देश्य न केवल क्षेत्र में बेहतर रोशनी सुनिश्चित करना है, बल्कि स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों का उपयोग कर बिजली खपत को कम करना भी है।
इस परियोजना के तहत प्रत्येक सोलर हाई मास्ट पोल पर 40 वाट की चार सोलर लाइटें लगाई जाएंगी, जो कुल 160 वाट की रोशनी प्रदान करेंगी। यह हाई मास्ट लाइटें सौर ऊर्जा से संचालित होंगी। इससे बिजली की बचत होगी और रात के समय परिसर में उचित रोशनी उपलब्ध होगी।