जींद। जींद जेसीज सेंट्रल और अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा बाल भवन रोड स्थित सेवा सदन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान जाने माने व्यवसायी व समाजसेवी संजीव मित्तल मुख्यातिथि थे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि रक्तदान एक पुण्य काम से भी अधिक आगे एक सोच है। इसे नियमित रूप से आगे बढ़ाते रहना चाहिए। शिविर में 80 लोगों ने पंजीकरण करवाया। इनमें से 66 लोगों न रक्तदान किया। शिविर की खास बात यह रही कि बिरोली गांव निवासी दो महिलाओं ने भी रक्तदान किया।
इस दौरान रेडक्रॉस सचिव राजकपूर सूरा व जिला प्रशिक्षण अधिकारी ईश्वर सांगवान ने भी रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका हौसला बढ़ाया। इन लोगों ने कहा कि रक्तदान से शरीर व मन को सुख मिलता है। जींद जिला में ऐसे युवाओं की बड़ी टीम तैयार हो गई है, जो नियमित रूप से रक्तदान करते हैं। वहीं नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अजय चालिया ने कहा कि रक्तदान के प्रति जो भ्रांतियां समाज में फैली हुई थीं, वह अब दूर हो रही हैं। यही कारण है कि लोग काफी संख्या में रक्तदान के लिए आगे आ रहे हैं। वहीं जेसीआई जींद सेंट्रल के प्रधान राकेश सिंघल व सचिव मनीष सिंगला ने कहा कि रक्तदान शिविर के लिए युवाओं का काफी सहयोग मिल रहा है। भविष्य में जल्द ही रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर संस्था के पूर्व अध्यक्ष जेसी नीरज जिंदल, जेसी नितिन गोयल, अरुण बंसल, जितेंद्र गर्ग, अमित जैन मौजूद रहे।
महिलाएं बोली रक्तदान कर लग रहा है अच्छा
शिविर में बिरोली गांव निवासी राजो देवी व सुदेश देवी ने भी रक्तदान किया। राजो देवी के अनुसार वह दूसरी बार रक्तदान कर रही हैं, जबकि सुदेश देवी ने पहली बार रक्तदान किया है। उन्होंने कहा कि रक्त की कमी होने कारण अक्सर महिलाएं रक्तदान नहीं कर पाती, लेकिन जीवन शैली में थोड़ा बदलाव कर रक्त की कमी को पूरा किया जा सकता है। रक्तदान कर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है।