जींद। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने आवेदन पोर्टल ओपन करने से पहले आवेदन शुल्क में 50 फीसदी बढ़ोतरी की है। वहीं शिक्षा विभाग ने दाखिला फीस में बढ़ोतरी की है। कॉलेजों में इस बार विभिन्न फं ड व चार्ज निर्धारित किए गए हैं। इसी शुल्क में बिजली, पानी, सांस्कृतिक, भ्रमण, एनएसएस, एनसीसी व अन्य गतिविधियां शामिल रहती हैं। इस बार उच्चतर शिक्षा विभाग ने सभी विषयों की अलग-अलग फीस निर्धारित की है। इसके साथ-साथ विद्यार्थियों को अन्य सुविधाओं के नाम पर भी चार्ज देना पड़ेगा। आठ जून से कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई थी। उच्चतर शिक्षा विभाग ने फीस को लेकर एक जून से ही निर्देश जारी किए थे। अब उच्चतर शिक्षा विभाग ने फंड चार्ज में बढ़ोतरी की है। इसके चलते विद्यार्थियों को पहले से दोगुना चार्ज देने होंगे।
इन फंड में पहले से ज्यादा रुपये देने होंगे विद्यार्थियों को
विभागीय पत्र के मुताबिक कॉलेजों में अमलमेगेटिड फंड पर 50 रुपये की जगह 204 रुपये वार्षिक भुगतान किया जाएगा। पानी और बिजली का चार्ज 150 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये लिया जाएगा। वहीं मेडिकल फीस 30 रुपये वार्षिक भुगतान करना होगा। अंडर ग्रेजुएट कोर्स में कंप्यूटर फीस 250 रुपये वार्षिक लिया जाएगा।
ऑनलाइन स्वीकार होगी फीस
अब की बार चालान जेनरेट नहीं होंगे। विद्यार्थियों को डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड व अन्य तरीकों से ऑनलाइन फीस का भुगतान करना होगा। विभाग ने कुछ नए फंड निर्धारित कर दिए हैं, तो कई फंडों का चार्ज बढ़ा दिया है। इसके अनुसार आवेदकों से फीस ली जाएगी।
राजेश्वरी कौशिक, प्राचार्य महिला कॉलेज जींद।